भोपाल। कोरोना संक्रमण को लेकर मध्य प्रदेश सरकार ने बुधवार को बड़ा फैसला लिया है। आज राजधानी के मंत्रालय में आयोजित की गई कोरोना समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्य में कोविड पर लगे सभी प्रतिबंध को हटाए जाने के निर्देश दिए हैं।
प्रतिबंध हटाए जाने के बाद अब प्रदेश में सभी कार्यक्रम सामान्य तौर पर आयोजित किए जाएंगे। जल्द ही इसको लेकर आदेश जारी किए जाएंगे। हालांकि कोविड नियमों का पालन करना अभी भी आवश्यक होगा।
दरअसल, ये प्रतिबंध मार्च 2020 से लागू थे जिन पर समय-समय से पुनर्विचार हो रहा था और प्रतिबंधों में ढील दी जा रही थी। लेकिन इसके बावजूद कई तरह के प्रतिबंध थे जो लागू थे। बुधवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घोषणा की है कि अब बचे हुए सारे प्रतिबंध भी हटाए जा रहे हैं।