CDS Bipin Rawat: देश जब सीडीएस जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी मधुलिका रावत और देश के वीर सैनिकों की शहादत के शोक में डूबा हुआ था उस वक्त प्रियंका गांधी गोवा में डांस कर रही थीं। यह कहना है भाजपा की आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय का।
अमित मालवीय ने ट्वीट कर लगाया आरोप
भाजपा के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने ट्वीट कर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका पर करारा वार किया है और कहा है कि जब देश अपने जांबाज सैनिकों के शोक में डूबा हुआ था उस वक्त प्रियंका गांधी गोवा में डांस कर रही थीं। अपने दावे की पुष्टि के लिए उन्होंने एक वीडियो भी ट्वीट किया है। उन्होंने कहा कि जब जनरल रावत का अंतिम संस्कार चल रहा था, देश शोक में डूबा हुआ था उस वक्त प्रियंका गांधी डांस कर रही थीं इससे ज्यादा शर्मनाक कुछ हो सकता है?
राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
उन्होंने राहुल गांधी पर हमला करते हुए कहा कि जब 26/11 का हमला हुआ था, उस दिन सुबह काफी देर तक राहुल गांधी पार्टी करते रहे थे। अपने भाई की ही तरह प्रियंका गांधी भी गोवा में नृत्य कर रही है। गौरतलब है प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को गोवा में लोक कलाकारों से मुलाकात की। उन्होंने अपने कार्यक्रम की विभिन्न तस्वीरें भी ट्वीट की हैं। एक ट्वीट में उन्होंने एमीलिया फर्नांडिस नाम की लोक कलाकार से मिलने का जिक्र किया है और कहा है कि एमीलिया मेरी दादी स्वर्गीय इंदिरा गांधी जी व मेरे पिता स्वर्गीय राजीव गांधी से भी मिल चुकी हैं।