Mradhubhashi
Search
Close this search box.

आज इंदौर पहुंचेगी भारत जोड़ो यात्रा, इन 12 जगह रहेगी पार्किंग व्यवस्था, रैली के दौरान ये रास्ते रहेंगे बंद

मध्यप्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा का आज रविवार यानी 27 नवंबर को पांचवां दिन है। यात्रा सुबह 6 बजे महू से रवाना हुई। दो घंटे बाद राहुल ने राऊ में मामाजी के ढाबे पर रुककर टी ब्रेक लिया। यात्रा यहां करीब आधे घंटे रुकी रही। सुबह करीब 9.45 बजे यात्रा राऊ-इंदौर के बीच अपने पहले पड़ाव पर पहुंची। अब यहां कुछ घंटे आराम के बाद यात्रा दोपहर 3.30 बजे फिर शुरू होगी और राजबाड़ा तक जाएगी।

राऊ पहुंचने पर राहुल ने बुलेट भी चलाई। इस दौरान विधायक जीतू पटवारी उनके पीछे दौड़ते नजर आए। यहां से यात्रा इंदौर जाएगी, वहां राजेंद्र नगर पुलिस थाने के सामने से होते हुए चाणक्य पुरी चौराहा, केसरबाग ब्रिज, चोइथराम मंडी चौराहा, माणिकबाग रोड, कलेक्टर चौराहा, हरसिद्धि मंदिर के पास से गांधी भवन होते हुए यात्रा राजबाड़ा पहुंचेगी। नुक्कड़ सभा के बाद यात्रा चिमनबाग मैदान पहुंचेगी। यहां रात्रि विश्राम होगा।

राऊ जाते वक्त रास्ते में अलीराजपुर से आई आदिवासियों की नृत्य टोली भी यात्रा में शामिल हुई। टोली में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष आदिवासी गीतों पर नृत्य करते हुए यात्रा में चल रहे थे। भारत जोड़ो यात्रा में पैदल चल रही आयुषी मुकाती ने राहुल गांधी को अच्छा लीडर बताया। आयुषी की हाइट केवल 4 फीट है। इसके बावजूद वह राहुल से मिलने की उम्मीद लेकर यात्रा में पहुंची थी, लेकिन अधिक भीड़ होने के कारण ऐसा हो न सका। चर्चा के दौरान आयुषी ने बताया कि वह इंदौर जिले की पूरी यात्रा कवर करेंगी।
महू से निकली भारत जोड़ो यात्रा सुबह करीब सवा सात बजे पिगडंबर ग्राम पहुंची। यहां राहुल ने दिव्यांग मनोहर को देखकर उन्हें अपने पास बुलाया। वे करीब 5 मिनट तक मनोहर की व्हीलचेयर खींचते हुए उनके साथ चले। इस दौरान उन्होंने मनोहर से चर्चा भी की। मनोहर ने बताया कि मैंने राहुल गांधी को बोला कि अब देश बदलना चाहिए।
भारत जोड़ो यात्रा और राहुल के स्वागत के लिए स्कूली बच्चों का बैंड सुबह 5.30 बजे से दशहरा मैदान के बाहर खड़ा रहा। यात्रा की शुरुआत सुबह 6 बजे ईदगाह किशनगंज नाके से हुई। दशहरा मैदान से किशनगंज नाके तक राहुल गांधी अपनी गाड़ी से पहुंचे। महू में रविवार को बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता किशनगंज नाके पर सुबह 4 बजे से ही पहुंच गए थे। वहीं पुलिस की चार रस्सा पार्टियों ने भी यात्रा में अलग-अलग तरीके से अपनी व्यवस्था संभाले रखी थी।

इंदौर में जोरदार स्वागत की तैयारी

इंदौर में यात्रा के स्वागत के लिए शहर व जिला कांग्रेस कमेटी ने तैयारी पूरी कर ली है। यात्रा मार्ग को बैनर, होर्डिंग और झंडों से पाट दिया गया है। स्वागत के लिए कई जगह मंच बनाए गए हैं। इधर, चिमनबाग मैदान पर भी विशाल मंच बनाया गया है। इस मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति के बाद राहुल गांधी जनता को संबोधित करेंगे।

पैदल पहुंचना होगा सभास्थल

राहुल गांधी की नुक्कड़ सभा में शामिल होने के लिए करीब दो किमी के दायरे में गाड़ियों को रोक लिया जाएगा। लोगों को पैदल ही सभास्थल तक जाना होगा। ट्रैफिक व्यवस्था को देखते हुए दो किमी के दायरे में आने वाले स्कूल-कॉलेजों के मैदानों में ही पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

यात्रा और सभास्थल को देखते हुए इन 12 जगहों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। खालसा कॉलेज, वैष्णव स्कूल, मच्छी बाजार में दरगाह रोड पर एक साइड, सुभाष चौक, शिवाजी मार्केट, महाराजा स्कूल पार्किंग, रिवर साइड रोड, जीपीओ के सामने, जिला कोर्ट के सामने, कोठारी मार्केट, प्रेमसुख टॉकिज और खातीपुरा रोड पर दोनों साइड शामिल हैं।

राऊ चौराहे से आगे बढ़ने के दौरान करीब 3 बजे उपरोक्त मार्ग पर सभी तरह के वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। जिन लोगों को राऊ चौराहा से इंदौर की ओर आना है, वे फोरलेन बायपास से आ सकेंगे। साथ ही, पश्चिम क्षेत्र में आने वाले लोग राऊ चौराहा से ओवरब्रिज होकर नखराली ढाणी कैट रोड होकर हवा बंगला, फूटी कोठी की तरफ आ सकेंगे। इसी तरह, इंदौर से राऊ, महू की तरफ जाने वाले भी इसी मार्ग का उपयोग कर सकेंगे।

ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट