Mradhubhashi
Search
Close this search box.

Bharat Bandh: किसान संगठनों के भारत बंद का दिल्ली में दिखा असर, कई जगहों पर लगा जाम

Bharat Bandh: आज सोमवार को किसान संगठनों ने केंद्र के तीन कृषि कानूनों के विरोध में भारत बंद का आयोजन किया है। इसकी वजह से दिल्ली-एनसीआर में कई जगहों पर जाम लग गया है। इससे लोगों को बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

गुरुग्राम में लगा जाम

भारत बंद के दौरान किसान चक्का जाम करने के साथ रेलवे लाइनों पर धरना दे रहे हैं। भारत बंद का सबसे ज्यादा असर दिल्ली और उससे सटे हुए इलाके में देखने को मिल रहा है। दिल्ली की सड़कों पर कई जगहों पर जाम लग गया है और वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिल रही है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने प्रदर्शन के मद्देनजर गाजीपुर बॉर्डर पर वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। वहीं किसानों ने पंजाब-हरियाणा के बीच शंभु बॉर्डर को जाम कर दिया है। किसान संगठनों ने एलान किया है कि वे सुबह छह बजे से शाम चार बजे तक चक्का जाम रखेंगे और विरोध प्रदर्शन करेंगे।

विपक्षी दल का मिला समर्थन

किसानों के भारत बंद का कांग्रेस, लेफ्ट पार्टियां, आरजेडी, बीएसपी और एसपी सहित देश की लगभग हर विपक्षी पार्टी ने समर्थन किया है। दिल्ली से सटे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी भारत बंद का असर देखने को मिल रहा है। भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने छपार और रोहाना टोल पर चक्का जाम किया है। इससे स्टेट हाईवे और नेशनल हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ है। जाम को देखते हुए दिल्ली देहरादून का यातायात गंग नहर की पटरी से निकाला जा रहा है।

केरल में जनजीवन अस्त-व्यस्त

भारत बंद को केरल में भी व्यापक समर्थन मिल रहा है। राज्य में सत्ताधारी एलडीएफ और विपक्षी कांग्रेस ने किसानों के भारत बंद का समर्थन किया है। इस दौरान राज्य में सभी शिक्षण संस्थान, दुकानें और कार्यालय बंद रहेंगे। राज्य शिक्षा विभाग ने सोमवार को होने वाले कुछ परीक्षाओं की तारीख में भी फेरबदल किया है।

ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट