Mradhubhashi
Search
Close this search box.

Ayodhya Deepotsav 2021: 14,000 सहयोगी जलाएंगे साढ़े नौ लाख दीये, विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी

अयोध्या। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छोटी दीपावली (तीन नवंबर) के दिन अयोध्या के राम की पैड़ी घाट पर नौ लाख 51 हजार दीपक जलाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस लक्ष्य को सफल बनाने के लिए राम की पैड़ी घाट पर तेजी से तैयारियां चल रही हैं। इसके लिए अयोध्या शहर के सभी कॉलेजों के छात्र-छात्राओं को इसमें सहयोग करने के लिए बुलाया गया है। इनके अलावा 49 संस्थाएं अपने 14000 वॉलिंटियर्स के साथ इस समय राम की पैड़ी घाट पर दीपक सजाने का काम कर रही हैं। ये दीपक सोमवार और मंगलवार दो दिन आकर्षक क्रम में रखे जाएंगे। इसके बाद छोटी दीपावली यानी बुधवार के दिन इन्हें प्रज्वलित किया जाएगा। आयोजकों का दावा है कि इतनी संख्या में दीपक जलाने का एक विश्व रिकार्ड कायम किया जाएगा। इसके लिए गिनीज बुक के अधिकारियों से भी संपर्क किया गया है। वे मंगलवार को घाट पर उपस्थित रहकर दीयों की गणना करेंगे।

पांचवा दीपोत्सव मनाया जा रहा है

अयोध्या में सरयू नदी के घाट पर दीये जलाने की यह परंपरा प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2017 से शुरू की थी। इस प्रकार इस वर्ष यह पांचवा दीपोत्सव मनाया जा रहा है। इसे एक परंपरा का रूप देने की कोशिश की जा रही है। अयोध्यावासियों से बातचीत करें तो पता चलता है कि इस दीपोत्सव कार्यक्रम को लेकर काफी उत्साही हैं। अयोध्यावासी अपने परिवार के लोगों के साथ भी दीपोत्सव कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए राम की पैड़ी घाट पर इस समय पहुंचे हुए हैं।

लेजर लाइट शो से दिखाएंगे रामायण

दीपोत्सव के दिन भव्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। लेजर शो के जरिए भगवान राम और माता सीता के जीवन से जुड़े रामायण के अनेक प्रसंगों को लेजर लाइट शो के जरिए दिखाया जाएगा। इसके लिए पांच कंपनियां इस समय तैयारियों में जुट गई हैं। इसके अलावा विभिन्न मंच तैयार कर यहां पर भगवान राम से जुड़े दृश्यों को सजीव रूप से प्रस्तुत करते हुए कलाकार बुधवार की शाम यहां दिखाई पड़ेंगे। इसके लिए अभी से तैयारी शुरू कर दी गई हैं।

देश-विदेश से देखने आ रहे सैलानी

आईआईटी की पढ़ाई करने के लिए अपने परिवार से दूर रह रही आनंदिता गुप्ता ने बताया कि परिवार से दूर रहकर दीपावली का त्यौहार बहुत सुना महसूस हो रहा था, लेकिन यह उनके जीवन का पहला अनुभव है कि वह इस दीपोत्सव कार्यक्रम में सम्मिलित हो रही हैं। अपने मित्रों के साथ दीपक सजाने के कार्यक्रम में अपनी सहभागिता देकर वे बेहद भाग्यशाली महसूस कर रही हैं। एक अन्य छात्रा ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सदैव लड़कियों को आगे बढ़ाने की कोशिश करते रहते हैं। इसके लिए वे विशेष बधाई के पात्र हैं क्योंकि जब समाज में लड़कियों की शिक्षा बढ़ेगी, उनका सशक्तिकरण होगा तो समाज में एक बड़ा बदलाव आएगा। इसको लेकर छात्राओं में बहुत उत्साह है।

ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट