सतना का रहने वाला है आरोपी, पुलिस ने दर्ज किए दो केस
इंदौर। विजय नगर क्षेत्र के स्कीम नंबर 78 के रहवासियों के लिए दहशत का पर्याय बने घरों में घुसकर बच्चियों से छेड़छाड़ करने वाले सिरफिरे को लसूड़िया थाना पुलिस ने सोमवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के बारे में शिकायत मिली थी कि वह एक सप्ताह से लगातार रात में घरों में सोती हुई महिलाओं और बच्चियों से छेड़छाड़ कर रहा था। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
लसूड़िया थाना पुलिस के मुताबिक पकड़े गए बदमाश ने विजय नगर क्षेत्र में ही कुछ साल पहले भी घरों में घुसकर उत्पात मचाया था। आरोपी क्षेत्र के ही हॉस्टल में रहने वाली लड़कियों के कपड़े अस्पतालों में काम आने वाली ब्लेड से फाड़ देता था। उसके खिलाफ छेड़छाड़ और चोरी के 8 मामले पहले से दर्ज हैं। टीआई संतोष दूधी के मुताबिक आरोपी का नाम श्रीकांत पिता अखिलेश चतुर्वेदी है। मूल रूप से सतना के ग्राम खमरिया का रहने वाला आरोपी फिलहाल मालवीय नगर में रहता है। उसने एक सप्ताह से इलाके के कई घरों में घुसकर छेड़छाड़ और चोरी की वारदात की।
महिला की शिकायत पर केस दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ घरों में घुसकर छेड़छाड़ के दो मामले दर्ज किए हैं। पहला मामला 29 वर्षीय महिला की शिकायत पर दर्ज किया गया है। पीड़िता ने रिपोर्ट में बताया था कि आरोपी रात करीब साढ़े तीन बजे उसके कमरे में घुसा था। वह बच्ची के साथ सो रही थी। इसी दौरान आरोपी ने उससे छेड़छाड़ शुरू कर दी। नींद खुली और विरोध किया तो आरोपी ने उसका गला दबाया और खिड़की से कूदकर भाग गया।
छात्रा ने पैरों से दूर धकेला तो भागा
दूसरा मामला नर्सिंग की छात्रा की शिकायत पर दर्ज किया गया है। छात्रा ने शिकायत में बताया कि तड़के करीब चार बजे आरोपी उसके कमरे में घुसा था। पहले वह सामान चुराने लगा। इसके बाद आरोपी ने उससे छेड़छाड़ शुरू कर दी। नींद खुलने पर उसने आरोपी को पैर से दूर धकेला। इसके बाद आरोपी भाग गया।