Mradhubhashi
Search
Close this search box.

अमेरिकन साइंटिस्ट का दावा : पाकिस्तान के पास 165 परमाणु बम

नई दिल्ली। हाल ही में समाचार एजेंसी रॉयटर्स की खबर में स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट के हवाले से बताया गया था कि पाकिस्तान के पास 100 से 120 परमाणु हथियार हैं, जिन्हें फाइटर जेट्स और मिसाइलों के जरिए दागा जा सकता है। वहीं भारत के पास 90 से 110 परमाणु हथियार हैं, लेकिन फेडरेशन ऑफ अमेरिकन साइंटिस्ट के मुताबिक पाकिस्तान के पास 165 परमाणु हथियार हैं और भारत के पास 160। अब सही आंकड़ें क्या हैं, ये बता पाना मुश्किल है।

पूरी दुनिया में 12,700 परमाणु हथियार

फेडरेशन आॅफ अमेरिकन साइंटिस्ट के मुताबिक पूरी दुनिया में 12,700 परमाणु हथियार मौजूद है। जिनमें से 9400 मिलिट्री के पास हैं, जिनका उपयोग मिसाइल, फाइटर जेट, जंगी जहाज या पनडुब्बी से किया जा सकता है। बाकी के परमाणु हथियारों को रिटायर कर दिया गया है लेकिन अभी वो सही सलामत हैं, उनको डिस्मैंटल करना बाकी है। दुनिया में 9440 परमाणु हथियार जो अलग-अलग देशों की मिलिट्री के पास हैं, उनमें से 3730 मिसाइल्स और बमवर्षकों में तैनात हैं। इनमें से भारत और पाकिस्तान ने अपने एक भी परमाणु हथियार तैनात नहीं कर रखे हैं। 3730 परमाणु हथियारों में से करीब 2000 परमाणु हथियार अमेरिका, रूस, ब्रिटिश और फ्रांस में हाई अलर्ट पर हैं, यानी शॉर्ट नोटिस पर दागने की तैयारी।

पाक की मिसाइलों की जद में आधा हिंदुस्तान

पाकिस्तान के पास कम दूरी की मिसाइलें – नस्त्र, हत्फ, गजनवी और अब्दाली हैं। इनकी मारक क्षमता 60 से 320 किमी है, जबकि मध्यम दूरी की मिसाइलें- गौरी और शाहीन की मारक क्षमता 900 से 2700 किमी है। अगर इन दोनों मिसाइलें से हमला होता है तो दिल्ली, जयपुर, अहमदाबाद, मुंबई, पुणे, भोपाल, नागपुर, लखनऊ इसकी जद में आ सकते हैं। अब तबाही कितनी होगी यह निर्भर करता है मिसाइल में लगे हथियार पर। पारंपरिक हथियार लगाने पर बर्बादी कम होगी, लेकिन परमाणु हथियार लगाया तो नुकसान बहुत ज्यादा हो सकता है।

भारतीय मिसाइलों की रेंज में पूरा पाकिस्तान

भारत के पास कम दूरी की मिसाइल पृथ्वी है। इसकी मारक क्षमता 350 किमी है। अग्नि-1 रेंज 700 किमी, अग्नि-22000 किमी और अग्नि-3 की रेंज 3000 किमी है। ये सभी सेना में शामिल की जा चुकी हैं। अग्नि-5 की रेंज 5000 किलोमीटर है। यानी इन मिसाइलों की मदद से भारत पाक के सभी शहरों को निशाना बना सकता है. अगर भारत पाक पर परमाणु बम गिराता है तो इससे रावलपिंडी, लाहौर, इस्लामाबाद, नवशेरा और कराची शहर पूरी तरह बर्बाद हो सकते हैं।

भारत और पाकिस्तान की परमाणु नीति

भारत ने 1999 में नो फर्स्ट यूज की परमाणु नीति घोषित की थी। यानी भारत कभी भी एटॉमिक हथियारों का पहले इस्तेमाल नहीं करेगा। भारत केवल परमाणु हमला होने की स्थिति में अपने परमाणु बमों का सहारा लेगा। वहीं, पाकिस्तान में ऐसा कोई नियम या कायदा नहीं है। यह पाकिस्तान के नेताओं और उच्च सैन्य अधिकारियों पर निर्भर करता है कि उन्हें कब और किस स्थिति में परमाणु हमला करना है।

ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट