Mradhubhashi
Search
Close this search box.

Prithvi Shaw की कप्तानी में खेलेंगे Ajinkya Rahane, श्रीलंका के खिलाफ खेली जानी वाली सीरीज में वापसी मुश्किल


मुंबई। रणजी ट्रॉफी 2022 में मुंबई की कप्तानी पृथ्वी शॉ के हाथों में होगी। भारत की टेस्ट टीम के पूर्व उपकप्तान अजिंक्य रहाणे भी इस टीम का हिस्सा होंगे, लेकिन उन्हें कप्तानी की जिम्मदारी नहीं दी गई है। रहाणे एक बल्लेबाज के रूप में टीम का हिस्सा होंगे। सलिल अंकोला के नेतृत्व वाली चयन समिति के अगले दो दिनों में टीम की घोषणा कर सकती है। भारतीय टीम के कप्तान के रूप में रहाणे का रिकॉर्ड शानदार है, लेकिन रणजी ट्रॉफी में उनकी जगह शॉ को कप्तान बनाया गया है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक चयन समिति, कोच अमोल मुजुमदार और एसोसिएशन ने सामूहिक रूप से रहाणे के साथ बात की थी। इसके बाद ही पृथ्वी शॉ को टीम का कप्तान बनाया गया है।  अजिंक्य रहाणे को श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम में जगह मिलना मुश्किल है। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के दौरे में खराब प्रदर्शन किया था। भारत यह सीरीज 1-2 से हारा था और भारत की दोनों हार में रहाणे काफी हद तक जिम्मेदार थे। बल्ले से खराब प्रदर्शन के बाद चयनकर्ता युवा खिलाड़ियों को मौका देने के बारे में सोच सकते हैं। टेस्ट में श्रेयस अय्यर जैसे खिलाड़ियों ने काफी बेहतर प्रदर्शन किया है। अगर रहाणे को टेस्ट टीम में बने रहना है तो उन्हें हर हाल में रणजी ट्रॉफी में अच्छा प्रदर्शन करना होगा।

ऑस्ट्रेलिया में ऐतिहासिक सीरीज जिताई

भारत के लिए 82 टेस्ट, 90 वनडे और 20 टी-20 मैच खेलने वाले रहाणे ने तीन वनडे मैचों में भारत की कप्तानी की है और तीनों में जीत दिलाई है। वहीं टेस्ट में उन्होंने आॅस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में 1-0 से पिछड़ने के बाद भारत की वापसी कराई थी। टीम इंडिया यह सीरीज 2-1 से जीती थी। युवा खिलाड़ियों से भरी भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया को गाबा में हराकर ऐतिहासिक जीत हासिल की थी। यह सीरीज जीत सालों तक याद की जाएगी। एमसीए के एक अधिकारी ने कहा कि अजिंक्य जैसे खिलाड़ी के लिए कप्तानी महत्वपूर्ण नहीं है, जिसने वह हासिल किया है, जो एक क्रिकेट कप्तान के लिए असंभव माना जाता था। उन्होंने कहा कि वह एक खिलाड़ी के साथ-साथ मेंटर के रूप में टीम का हिस्सा होंगे। उन्हें कप्तान के रूप में शॉ से कोई समस्या नहीं है।

पहली बार टीम चयन के दौरान उपलब्ध नहीं थे रहाणे

रणजी ट्रॉफी के लिए पहली बार दिसंबर में टीम का चयन किया गया था। रहाणे, उस समय, दक्षिण अफ्रीका में थे, जबकि टूर्नामेंट 13 जनवरी को शुरू होने वाला था। वहीं भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टेस्ट सीरीज 15 जनवरी को समाप्त हुई। पहली बार टीम चयन के दौरान रहाणे उपलब्ध नहीं थे। ऐसे में शॉ को कप्तान बनाया गया, लेकिन कोरोना की वजह से टूर्नामेंट स्थगित किया गया। अब रहाणे टीम का हिस्सा हैं, लेकिन श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में भारतीय टीम का हिस्सा बनने पर वो फिर टीम का हिस्सा नहीं होंगे। इसी वजह से मुंबई क्रिकेट के अधिकारियों ने फैसला किया कि शॉ को कप्तान बनाना बेहतर होगा। शॉ की कप्तानी में मुंबई ने 2021 में विजय हजारे ट्रॉफी जीती थी। 41 बार की रणजी चैंपियन मुंबई को ग्रुप डी में पूर्व चैंपियन सौराष्ट्र, ओडिशा और गोवा के साथ रखा गया है। वे अहमदाबाद में अपने तीन लीग मैच खेलेंगे। टीम को नौ फरवरी तक स्टेडियम में रिपोर्ट करने के लिए कहा गया है।

ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट