छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा में रामनवमी के मौके पर निकल रहे जुलूस में बड़ा हादसा हुआ। डीजे वाहन में लोहे के पाइप में लगा झंडा हाईटेंशन लाइन से टकरा गया। जिससे डीजे वाहन में करंट फैल गया और ब्लास्ट होने से आग लग गई।
हादसे में 6 लोग झुलस गए। इनमें एक की हालत गंभीर है। उसे नागपुर रेफर किया गया है।रामनवमी के मौके पर हिंदू उत्सव समिति की ओर से जुलूस निकाला जा रहा था। जिसमें कांग्रेसी कार्यकर्ताओं समेत सैकड़ों लोग मौजूद थे। डीजे की धुन पर सभी नाचते हुए जा रहे थे। इसी दौरान जुलूस जब चार फाटक ओवरब्रिज के पास से गुजरा, तो ये हादसा हो गया।
डीजे वाहन में लोहे की रॉड में लगा झंडा हाईटेंशन लाइन से टकराने से जुलूस में चल रहे 6 लोग झुलस गए है। घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल जुलूस को रोका। घायलों को तुरंत जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। झुलसे लोगों में महिलाएं और पुरुष शामिल हैं।