मृदुभाषी डेस्क, न्यूयॉर्क। खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश के मामले में भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को अमेरिका की अदालत ने 19 साल 7 महीने जेल की सजा सुनाई है। इस मामले में शुक्रवार को न्यूयॉर्क की सदर्न डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में सजा का ऐलान किया गया। सुनवाई के दौरान निखिल गुप्ता ने पन्नू और सिख समुदाय से माफी मांगते हुए अपने किए पर अफसोस जताया। उन्होंने अदालत में कहा कि जो कुछ हुआ, उसे अब बदला नहीं जा सकता। करीब 80 मिनट तक चली सुनवाई के बाद जज विक्टर मारेरो ने सजा सुनाई।
कोर्ट में भावुक हुए निखिल गुप्ता, पन्नू से मांगी माफी
55 वर्षीय निखिल गुप्ता ने इस साल की शुरुआत में हत्या के लिए सुपारी देने, हत्या की साजिश रचने और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप स्वीकार कर लिए थे। सजा सुनाए जाने के दौरान उन्होंने अदालत में करीब छह मिनट तक अंग्रेजी में अपना पक्ष रखा।
निखिल ने अपने बयान में महात्मा गांधी, मदर टेरेसा, नेल्सन मंडेला और मार्टिन लूथर किंग जैसे महान व्यक्तित्वों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वे इन नेताओं के बताए रास्ते पर चलना चाहते थे। इसके बाद उन्होंने गुरपतवंत सिंह पन्नू की ओर देखकर माफी मांगी और कहा कि उन्हें अपने किए पर पछतावा है।
इस दौरान निखिल भावुक भी हो गए। उन्होंने अपने परिवार का जिक्र करते हुए कहा कि इस मामले के कारण उनकी पत्नी, मां और बच्चों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जबकि उनका इसमें कोई दोष नहीं है।
पन्नू ने कोर्ट में बताई अपनी परेशानी, कहा- 1200 दिन से सामान्य काम नहीं कर पाया
सुनवाई के दौरान गुरपतवंत सिंह पन्नू ने भी अदालत के सामने अपना पक्ष रखा। उसने कहा कि हत्या की साजिश का खुलासा होने के बाद से वह 1200 दिनों से अधिक समय तक सामान्य रूप से वकालत का काम नहीं कर पाया है।
पन्नू ने करीब 20 मिनट तक अपनी बात रखी। हालांकि, सुनवाई को आगे बढ़ाने के लिए जज विक्टर मारेरो ने उसे अपना बयान संक्षिप्त रखने को कहा।
इस सुनवाई को लेकर न्यूयॉर्क की अदालत के बाहर भी हलचल रही। पन्नू के कई समर्थक वहां पहुंचे थे। उनके पास निखिल गुप्ता और मामले से जुड़े अन्य लोगों के पुतले थे। पन्नू भी सुनवाई के दौरान अदालत में मौजूद था और उसके साथ सिख समुदाय के कई लोग पहुंचे थे।

सजा के बाद अमेरिका में नहीं रह पाएंगे निखिल गुप्ता
अदालत ने निखिल गुप्ता को जेल की सजा पूरी होने के बाद निगरानी में रिहाई देने का आदेश नहीं दिया है। जज ने स्पष्ट किया कि सजा पूरी होने के बाद उन्हें अमेरिका से बाहर निकालने की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
वहीं, निखिल गुप्ता के वकीलों ने अदालत के फैसले पर निराशा जताई है। उनका कहना है कि उन्हें कम सजा मिलने की उम्मीद थी, लेकिन अदालत ने 19 साल 7 महीने की जेल की सजा सुनाई।
कैसे सामने आई थी पन्नू की हत्या की साजिश?
अमेरिकी अदालत में पेश किए गए दस्तावेजों के अनुसार, वर्ष 2023 में गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश रचे जाने का मामला सामने आया था। अमेरिकी अभियोजन पक्ष के मुताबिक, इस मामले में निखिल गुप्ता और विकास यादव की भूमिका थी।
आरोपों के अनुसार, गुप्ता ने पन्नू की हत्या के लिए एक ऐसे व्यक्ति से संपर्क किया था, जिसे वह आपराधिक गिरोह से जुड़ा समझ रहा था। हालांकि, वह व्यक्ति अमेरिकी ड्रग एन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) का मुखबिर था। इसी संपर्क के दौरान हत्या की कथित योजना अमेरिकी जांच एजेंसियों के सामने आ गई।
अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, इस साजिश के लिए एक लाख डॉलर देने की बात सामने आई थी। जून 2023 में इस मामले से जुड़े 15 हजार डॉलर नकद एडवांस दिए जाने का आरोप भी लगाया गया था।
भारत-अमेरिका संबंधों के लिहाज से भी अहम रहा मामला
गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की कथित साजिश का मामला सामने आने के बाद भारत और अमेरिका के बीच भी यह मुद्दा चर्चा में रहा। अमेरिकी जांच एजेंसियों ने मामले की जांच की और न्यायिक प्रक्रिया के बाद निखिल गुप्ता ने अपने ऊपर लगे आरोप स्वीकार किए।
अब अमेरिकी अदालत द्वारा सुनाई गई 19 साल 7 महीने की सजा के बाद इस मामले में एक महत्वपूर्ण न्यायिक पड़ाव पूरा हुआ है। सजा पूरी होने के बाद निखिल गुप्ता को अमेरिका से निर्वासित करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।