Mradhubhashi
Search
Close this search box.

इंदौर में Omicron की दस्तक, 8 संक्रमितों में से 6 ठीक हुए, 2 का इलाज जारी

इंदौर। जिसका डर था आखिरकार वही हुआ। इंदौर में ओमिक्रॉन की आमद होने से चिंता बढ़ गई है। शहर में पिछले दिनों विदेश से लौटे जिन आठ संदिग्ध मरीजों के सैंपलों की निजी मेडिकल कॉलेज में जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए थे उनमें ओमिक्रॉन वेरिएंट की पुष्टि हुई है। इनमें से छह मरीजों की अस्पताल से छुट्टी हो गई है और दो का उपचार चल रहा है। मप्र के गृहमंत्री और इंदौर के प्रभारी मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने इंदौर के मरीजों में नए वेरिएंट की पुष्टि करते हुए कहा कि पिछले कुछ दिनों में इंदौर में करीब तीन हजार यात्री विदेशों से आए थे। इनकी जांच में 26 लोग पॉजिटिव पाए गए थे, इनमें से 8 ओमिक्रॉन वेरिएंट के मरीज निकले हैं। इन 8 में से 6 मरीज स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। दो मरीजों का एमआरटीबी में उपचार चल रहा है। उनमें कोरोना के कोई गंभीर मरीज नहीं है। उम्मीद है कि ये भी जल्द स्वस्थ हो जाएंगे। इन 26 लोगों की कांटैक्ट ट्रेसिंग की जा चुकी है और उनमें कोई लक्षण नहीं पाए गए हैं तथा सभी ठीक हैं।

ओमिक्रान के B.1.1.529(BA.1) की पुष्टि

निजी लैब में जिन मरीजों के सैंपल की जांच में ओमिक्रॉन की पुष्टि हुई है उनके सैंपल आईएलबीएस दिल्ली भी भेजे गए थे, वहां ओमिक्रॉन की पुष्टि हो गई है। मेडिकल कॉलेज ने दिल्ली की आईएलबीएस लैब को इसकी रिपोर्ट फाइल 24 दिसंबर को भेजी थी। वहां के माइक्रोबायोलॉजिस्ट डॉ. राजेश पांडे को भी यह रिपोर्ट भेजी गई। डॉ. पांडे ने इस रिपोर्ट का अध्ययन कर इंदौर के संदिग्ध मरीजों में ओमिक्रान के बी.1.1.529(बीए.1) की पुष्टि की है। दिल्ली एनसीडीसी विभाग अधिकृत रूप से इसकी रिपोर्ट जारी करेगा। विदेश से लौटे जिन आठ संदिग्ध मरीजों में ओमिक्रॉन वेरिएंट की पुष्टि हुई है उनमें से दो लोग न्यूयॉर्क व लंदन से लौटे थे। इसके अलावा एक व्यक्ति दुबई से लौटा था। अफ्रीका के तंजानिया से लौटे दो मरीजों में ओमिक्रॉन वैरिएंट की पुष्टि हुई है। जिन लोगों में ओमिक्रॉन की पुष्टि हुई है उनमें दुबई, अमेरिका और तंजानिया से आए 2-2, ब्रिटेन व घाना से आए 1-1 लोग हैं। ये सभी 15 से 20 दिसंबर के बीच विदेश से इंदौर आए। इन मरीजों में हल्का बुखार, खांसी व सर्दी के लक्षण थे।

विदेश से इंदौर आए हर तीसरे शख्स में नया वेरिएंट

विदेश से इंदौर आए एक हजार लोगों की जांच में 2.6 फीसदी पॉजिटिव मिले हैं। इन 26 पॉजिटिव में से आठ में ओमिक्रॉन वेरिएंट की पुष्टि हुई है। इससे पता चलता है कि हर चौथे कोरोना पॉजिटिव में ओमिक्रॉन वेरिएंट है। अभी भी दो हजार लोग ऐसे हैं, जो नवंबर के बाद इंदौर आए हैं, जिनकी जांच नहीं हो पाई है। इनका पता नहीं चल पाया है। इधर, 26 मामलों के आधार पर सिक्वसेंसिंग का रेट देखें तो 30 फीसदी से भी ज्यादा पॉजिटिविटी रेट मिला है। यानी विदेश से लौटा हर तीसरा संक्रमित व्यक्ति ओमिक्रॉन संक्रमित पाया गया है।

8 में से 4 को लगे थे दोनों डोज

इंदौर में जिन 8 लोगों में ओमिक्रोन वैरिएंट की पुष्टि हुई है उनके बारे में हैरान कर देने वाली जानकारी सामने आई है। 8 में से 4 लोगो को वैक्सीन के दोनों डोज लग चुके थे। एक को बूस्टर डोज लगा हुआ था। खास बात ये है कि ये सभी मरीज एसिम्प्टोमेटिक हैं।

एक को लग चुका है बूस्टर डोज

यूएस में रहकर पढ़ाई कर रहा 20 साल का युवक 18 दिसंबर को पॉजिटिव आया। उसे वैक्सीन के दोनों डोज लग चुके हैं। एमआरटीबी हॉस्पिटल में उसे क्वारन्टीन किया है। 22 दिसंबर को रिपोर्ट नेगेटिव आई है। करीब एक साल से यूएसए में रह रहा 30 वर्षीय युवक इंदौर आया था। 5 दिसंबर को उसने बूस्टर डोज लगाया था। 20 दिसम्बर को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। डीएनएस हॉस्पिटल में भर्ती करवाया है। आरटीपीसीआर टेस्ट के लिए सेम्पल लिया है।

सभी मरीज युवा

  • 33 वर्षीय युवक तंजानिया से मुंबई होते हुए इंदौर आया था। पिछले दिनों रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर मयूर हॉस्पिटल में क्वारन्टीन किया। कुछ दिन पहले वापस मुंबई लौट गया।
  • यूएस से इंदौर लौटा 20 वर्षीय छात्र 18 दिसंबर को पॉजिटिव पाया गया था। उसे सरकारी एमआरटीबी हॉस्पिटल में एडमिट किया गया था। 22 दिसंबर को रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है।
  • एक युवक 17 दिसंबर को घाना से मुंबई होते हुए इंदौर आया था। यहां उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। उसे एमटीआरबी अस्पताल में भर्ती किया है। युवक ने वैक्सीन के दोनों डोज लगवा लिए थे।
  • दुबई से 31 वर्षीय युवक इंदौर आया था। उसकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई। डीएनएस हॉस्पिटल में उसका उपचार चल रहा है। युवक को वैक्सीन के दोनों डोज लग चुके थे।
  • 26 वर्षीय युवक 8 दिसंबर को दुबई गया था। वहां से 13 दिसंबर को इंदौर आया। 19 दिसंबर को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। उसे 7 दिन डीएनएस हॉस्पिटल में क्वारन्टीन किया और अब होम आइसोलेशन में है। 24 दिसम्बर को उसकी रिपोर्ट निगेटिव आई है।
  • 23 वर्षीय युवती यूके में छात्रा है। वह यूके से इंदौर आई थी। यूके और दिल्ली एयरपोर्ट पर उसकी आरटीपीसीआर रिपोर्ट नेगेटिव आई थी। 15 और 18 दिसंबर को इंदौर में पॉजिटिव रिपोर्ट आई। उसे शेल्बी हॉस्पिटल में क्वारन्टीन किया। युवती को वैक्सीन के दोनों डोज लग चुके थे।
  • 26 वर्षीय युवती तंजानिया से लौटी थी। उसे इंदौर के मयूर हॉस्पिटल में क्वारन्टीन किया गया। करीब तीन दिन पहले युवती वापस मुंबई लौट गईं।
  • 30 वर्षीय युवक एक साल से यूएस में पढ़ाई कर रहा था। यहां वह 20 दिसंबर को पॉजिटिव पाया गया था। उसे डीएनएस हॉस्पिटल में एडमिट किया गया है। अभी फाइनल रिपोर्ट नहीं आई है।

मप्र में कोरोना की स्थिति

  • 24 घंटे में प्रदेश में 41 केस मिले हैं कोरोना के।
  • 252 हो गई है मप्र में एक्टिव मरीज की संख्या ।
  • 98.64 प्रतिशत है प्रदेश में रिकवरी रेट।
  • 120 है इंदौर में कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या।
  • 5 करोड़ 20 लाख 21 हजार 939 लोगों को मप्र में लगी है वैक्सीन की पहली डोज
  • 4 करोड़ 92 लाख 48 हजार 546 मप्र के लोगों को दूसरी डोज भी लग चुकी है।

इसलिए हैं चिंता

विदेश से तीन हजार लोग इंदौर आए थे। इनमें से दो हजार कहीं चले गए हैं। यानी इन्हें ट्रेस नहीं किया जा सका है।नरोत्तम मिश्रा, गृहमंत्री मप्र

मप्र की जीनोम सिक्वेंसिंग रिपोर्ट

  • 2156 सैंपल की जीनोम सिक्वेंसिंग रिपोर्ट मिली है मप्र में।
  • 828 में वैरिएंट आॅफ कन्सर्न मिला है।
  • 14 केस डेल्टा प्लस म्यूटेशन के मिले हैं।
  • 79 केस यूके स्ट्रेन (अल्फा) के मिले हैं।
  • 735 केस ट्रिपल म्यूटेशन (डेल्टा) के मिले हैं।
  • 08 केस ओमिक्रॉन वेरिएंट के मिले हैं।
ये भी पढ़ें...
क्रिकेट लाइव स्कोर
स्टॉक मार्केट