10 एग्जिट पोल के आए नतीजे : कर्नाटक किसके साथ... कमल या हाथ - Mradubhashi - MP News, MP News in Hindi, Top News, Latest News, Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest News in Hindi
//

10 एग्जिट पोल के आए नतीजे : कर्नाटक किसके साथ… कमल या हाथ

10 एग्जिट पोल के आए नतीजे : कर्नाटक किसके साथ

कर्नाटक में मोदी मैजिक के दम पर भाजपा 38 साल पुराना मिथक तोड़ पाएगी या फिर कांग्रेस वही रिवाज बरकरार रखेगी, इसका सटीक जवाब तो 13 मई को ही मिलेगा, मगर बुधवार को तमाम चैनलों-एजेंसियों के एग्जिट पोल ने यह इशारा तो कर दिया है कि कर्नाटक का किंग कौन बनेगा।

नई दिल्ली। कर्नाटक में सभी 224 विधानसभा सीटों के लिए गुरुवार को मतदान संपन्न हो गया। शाम पांच बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक 65.69 प्रतिशत लोगों ने वोट डाले। इसके साथ ही चुनाव में उतरे 2,615 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई। अब 13 मई को पता चलेगा कि जनता ने किसे चुना।

हालांकि इससे पहले बुधवार देर शाम एग्जिट पोल के नतीजे सामने आए हैं। तमाम एग्जिट पोल में बीजेपी और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला है, लेकिन कांग्रेस आगे निकल गई है। कुछ एग्जिट पोल में कांग्रेस अकेले अपने दम पर सरकार बनाती हुई दिख रही है तो वहीं कुछ एग्जिट पोल में वह बहुमत से पीछे है।

कर्नाटक चुनाव को लेकर 10 एग्जिट पोल जारी हुए हैं। इनमें से पांच में कांग्रेस और दो में भाजपा को बहुमत का अनुमान जताया गया है। वहीं, बाकी में किसी भी दल को पूर्ण बहुमत नहीं दिखाया गया है। हालांकि, इन एजेंसियों का दावा है कि इस बार भाजपा के मुकाबले कांग्रेस को ज्यादा सीटें मिलेंगी।

कुछ एग्जिट पोल में बीजेपी को बढ़त
कई एग्जिट पोल में जहां कांग्रेस को बढ़त है वहीं दो एग्जिट पोल में बीजेपी को बढ़त मिलती दिख रही है। न्यूज नेशन के एग्जिट पोल के मुताबिक कर्नाटक में बीजेपी को 114 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि कांग्रेस 86 सीटों तक सिमट सकती है। वहीं, सुवर्ण न्यूज के मुताबिक, बीजेपी को 94 से117, कांग्रेस को 91 से106 जबकि जेडीएस को 14 से 24 सीटें मिल सकती हैं।

आजतक के पोल में कांग्रेस को बहुमत
आजतक एक्सिस माय इंडिया एक्जिट पोल के मुताबिक कांग्रेस कर्नाटक में बड़े बहुमत के साथ सरकार बनती हुई दिखाई दे रही है। कांग्रेस को 122 से 140 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं भाजपा के खाते में 62 से 80 सीट जाने का अनुमान जताया जा रहा है। जेडीएस को 20 से 25 सीट मिलने का अनुमान है।

क्या किंगमेकर बनेगी जेडीएस ?
एग्जिट पोल में कांग्रेस और भाजपा के बाद जनता दल (सेक्युलर) तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बन सकती है। ऐसे में त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति में जेडीएस किंगमेकर की भूमिका निभा सकती है। एग्जिट पोल के नतीजों के बीच जेडीएस के नेता एचडी कुमारस्वामी ने कहा कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव में जिन 25 क्षेत्रों में पार्टी की जीत की संभावना थी, वहां वित्तीय संकट के कारण पार्टी को झटका लग सकता है। वित्तीय समस्याओं के बावजूद उनकी पार्टी सीटें जीतने के मामले में कांग्रेस और भाजपा से आगे रहेगी।

पिछली बार कितने सही साबित हुए एग्जिट पोल?
कर्नाटक में 2018 विधानसभा चुनाव के दौरान कुल आठ एजेंसियों ने एग्जिट पोल जारी किए थे। इनमें से सात ने त्रिशंकु विधानसभा, जबकि एक ने भाजपा की जीत का दावा किया था। नतीजे काफी हद तक सही निकले। इंडिया टुडे एक्सिस माय इंडिया, टाइम्स नाउ और इंडिया टीवी-वीएमआर के अलावा सभी एजेंसियो ने भाजपा के सबसे बड़ी पार्टी होने का दावा किया था।

पिछली बार क्या हुआ था ?
पिछली बार कर्नाटक में चुनाव मई 2018 में हुए थे। उसमें सबसे अधिक सीटें भाजपा को मिली थीं। कर्नाटक के कुल 224 विधानसभा सीटों में से भाजपा को 104 तो कांग्रेस को 80 सीटें मिली थीं। जबकि जेडीएस के खाते में 37 सीटें आई थीं। भाजपा को करीब 64 सीटों का फायदा हुआ था। अगर वोट प्रतिशत की बात की जाए तो इस मामले में कांग्रेस ने बाजी मारी थी। कांग्रेस को जहां 38.14 वोट फीसदी तो भाजपा को 36.35 फीसदी वोट शेयर हासिल हुआ था। वहीं, जेडीएस को करीब 18 फीसदी वोट मिले थे।

कैसे गिरी कांग्रेस-जेडीएस की सरकार ?
पिछले चुनाव के बाद जेडीएस और कांग्रेस ने मिलकर सरकार बनाई थी। इसमें एचडी कुमारस्वामी मुख्यमंत्री बने थे। हालांकि जुलाई 2019 में कांग्रेस और जेडीएस के कई मंत्रियों के इस्तीफे के बाद सरकार गिर गई। इसके बाद फिर बीएस येदुयरप्पा की अगुवाई में बीजेपी ने यहां सरकार गठित की। हालांकि,बीएस येदुयरप्पा भी दो साल ही मुख्यमंत्री के पद पर रह पाए। उन्हें पद से इस्तीफा देना पड़ा और फिर उसके बाद बासवराज बोम्मई को भाजपा ने मुख्यमंत्री बनाया।