///

बेगमबाग रैली पर पथराव मामला, असामाजिक तत्वों के अवैध मकान ध्वस्त करने पहुंचा प्रशासन

पुलिस अपाराधिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई करने जा रही है।

उज्जैन। उज्जैन में कल असामाजिक तत्वों के द्वारा हिन्दु संगठन की रैली पर पथराव करने के बाद उनको पहचान कर उनके ऊपर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस इन लोगों के अवैध मकानों को ध्वस्त करने की कार्रवाई करने जा रही है।

असामाजिक तत्वों के अवैध मकान होंगे ध्वस्त

शनिवार को प्रशासन की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और अपराधिक तत्वों के अवैध मकानों को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की। इस मामले में पुलिस का कहना है कि इस मामले में संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है और दोषियों को बक्शा नहीं जाएगा। गौरतलब है शुक्रवार को राम मंदिर निर्माण के लिए हिन्दु संगठनों द्वारा शहर में रैली निकाली जा रही थी। रैली टावर चौक से होती हुई महाकाल क्षेत्र स्थित भारत माता मंदिर पहुंच रही थी तभी बेगम बाग कॉलोनी क्षेत्र में कुछ असामाजिक तत्वों ने रैली पर पथराव कर दिया था। ऐसे में अचानक रैली पर पत्थर आते हुए देख हिंदू संगठन के कार्यकर्ता गाड़ी छोड़कर भाग गए। कुछ कार्यकर्ताओं के सिर पर पत्थर लगने के कारण वह घायल हो गए।

पुलिस कर रही है शरारती तत्वों की पहचान

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। कलेक्टर आशीष सिंह और एसपी भी मौके पर पहुंच गए। कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि कुछ आपसी विवाद के चलते दो पक्ष आपस में झगड़ लिए थे। पुलिस ने स्थिति को संभाल लिया है। कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए उचित कार्यवाही की जा रही है। हालांकि हादसे में 3 लोग घायल हो गए। वहीं कई वाहनों को तोड दिया गया। पुलिस ने एक आरोपी को भी गिरफतार किया है।